पीपल नीम तुलसी संस्थापक डॉ धर्मेंद्र कुमार ने कई जनप्रतिनिधियों के साथ पटना में शंकराचार्य जी की अगवानी की
–तीन दिवसीय बिहार-झारखंड यात्रा में बैजनाथ धाम समेत कई मंदिरों में शंकराचार्य ने किया दर्शन पूजन
–देश की समृद्धि और कोरोना से मुक्ति को द्वादश ज्योतिर्लिंग और शक्ति पीठों की यात्रा पर हैं जगद्गुरु
–इससे पहले गुजरात, मप्र, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत तक की हो चुकी है यात्रा
पटना। भारत यात्रा पर निकले गोवर्धन पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अधोक्षजानंद देव तीर्थ जी महाराज का बिहार और झारखंड में भव्य स्वागत हुआ। तीन दिवसीय बिहार-झारखंड यात्रा में जगद्गुरु शंकराचार्य ने बाबा बैजनाथ धाम समेत कई देवालयों और शिवालयों में दर्शन और पूजन किया। इस दौरान दोनों राज्यों के कई जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने जगद्गुरु का जगह-जगह जोरदार स्वागत कर उनका आशीर्वाद लिया।
शंकराचार्य स्वामी श्री अधोक्षजानंद देव तीर्थ जी महाराज 13 फरवरी को तीर्थराज प्रयाग से पटना पहुंचे, जहां बिहार के विधायक छत्रपति यादव और और पीपल नीम तुलसी अभियान के प्रणेता डाक्टर धर्मेंद्र कुमार समेत कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनकी आगवानी की। इसके बाद जगद्गुरु पटना से सड़क मार्ग से सीधे झारखंड राज्य के देवघर पहुंचे, जहां साधु-संतो ंके साथ शंकराचार्य ने ज्योतिर्लिंग बाबा बैजनाथ धाम का दर्शन पूजन व अभिषेक किया।
इसके बाद शंकराचार्य श्रीवासुकिनाथ मंदिर गये और वहां भी दर्शन व पूजन किया। इन स्थलों पर विशंभर राव, डा0 राजीव रंजन और तरुण रावत समेत तमाम गणमान्य लोगों ने जगद्गुरु का स्वागत किया। झारखंड के देवघर स्थित राज्य अतिथि गृह में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय समेत अन्य गणमान्य लोगों ने शंकराचार्य जी की आगवानी की।
दूसरे दिन पटना के राधाकृष्ण मैरिज हाल में जगद्गुरु शंकराचार्य देव तीर्थ का नागरिक अभिनंदन हुआ। इस कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा, प्रदेश कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रद्युम्न यादव, खगड़िया सदर विधायक छत्रपति यादव, नरेंद्र कुमार विकल, महिला नेता रीता सिंह, राकेश कुमार जिला जज जहाँनाबाद तथा भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
बिहार भ्रमण में शंकराचार्य जी ने आदि शक्तिपीठ पटनेश्वरी का विधिवत दर्शन पूजन किया। यहाँ माता सती की दायी जंघा प्रतिष्ठित है । मंदिर के महंत विनयशंकर गिरी ने अंगवस्त्र भेंट कर स्वामी श्री का स्वागत किया। तत्पश्चात कंगन घाट पर गंगा पूजन किया और सिखों के दशवें व अंतिम गुरु गोविन्द सिंह जी के जन्म स्थली पटना साहिब भी गये। पवित्र गुरुग्रंथ साहिब के दर्शन किये। गुरुद्वारा पदाधिकारी सरदार सूरत सिंह कमलजीत सिंह जद यू नेता अंजनी कुमार पटेल ,अजय यादव एवं सिख संगत ने सरोपा भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान जगद्गुरु शंकराचार्य ने कहा कि पवित्र धार्मिक स्थलों की यात्रा और दर्शन-पूजन से भारत का भाग्योदय होगा और भगवत कृपा से भारत एक बार फिर विश्व गुरु बनेगा।
जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अधोक्षजानंद देव तीर्थ जी महाराज 20 नवम्बर, 2021 से भारत भ्रमण पर निकले हुए हैं। इस दौरान वह बारह ज्योतिर्लिंगों एवं शक्ति पीठों में विशेष आराधना का अनुष्ठान सम्पन्न कर रहे हैं। इसी क्रम में साधु-संतों और विद्वानों की टोली के साथ तीन दिवसीय प्रवास पर वह बिहार-झारखंड में रहे। तीर्थगुरू पुष्कर में दर्शन पूजन के बाद उन्होंने अपनी भारत यात्रा प्रारम्भ की थी। वहां से साधु-संतों और विद्वानों की टोली के साथ जगद्गुरु शंकराचार्य ने गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत पहुंचकर प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव, त्रयंबकेश्वर, भीमाशंकर, घृष्णेेश्वर, ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, परली बैजनाथ, श्रीशैलम, रामेश्वरम् और प्रसिद्ध शक्ति पीठ कामाख्या समेत विभिन्न देवालयों में दर्शन और पूजन किया। पटना से जगद्गुरु तीर्थराज प्रयाग के लिये रवाना हो गये। वहां चल रहे माघ मेले के समापन के अवसर पर विशेष अनुष्ठान का आयोजन कर वह आगे की यात्रा प्रारम्भ करेंगे।
Tagged in : #CM-UP #CMbhupeshbaghel #CMUK #CMUP #congress #covid19 #covid19#MPC#mudra #crime #crime #police