डॉ शीलव्रत सुकुल की✍🏻से निकले बिचार जिस प्रकार से समाज में किसी मनुष्य को उसका सद्चरित्र और उसकी अन्यान्य गुणवत्ताएं ही स्थापित करती हैं उसी प्रकार से किसी भी स्थान का महत्व भी उसकी कालजयी ऐतिहासिक, पौराणिक पृष्ठभूमि तथा उसके सर्वांगीण विकास से ही सर्वमान्य रूप से स्थापित होता है। भारत में उत्तर प्रदेश का बुंदेलखंड परिक्षेत्र भी तमाम ऐतिहासिक और पौराणिक महात्म्य तथा प्राकृतिक संपदाओं की परिपूर्णता से ही देश-विदेश में जाना माना जाता है। इसी बुंदेलखंड का चित्रकूट व बांदा जनपद भी अपनी अनेकानेक ऐतिहासिक पौराणिक धार्मिक पृष्ठभूमि और प्राकृतिक संपदा की संपन्नता से जग प्रसिद्ध है। चित्रकूट पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के बनवासी कालखंड तो बांदा महर्षि वामदेव की तपोस्थली तथा यहां भी भगवान श्रीराम के पदार्पण के माहात्म्य से ही कालजयी रूप से विभूषित हैं। देश व प्रदेश की सरकारें चित्रकूट जनपद के सर्वांगीण विकास के साथ ही बांदा जनपद के सर्वांगीण विकास हेतु महर्षि वामदेव के नाम से बांदा नगर व जनपद का नामकरण बिना समय गवाएं करेंगी ,यही बांदा जनपदवासियों की विश्वासपूर्ण मनोकांक्षा है। इस दिशा में त्रिवेणी फाउंडेशन ट्रस्ट के द्वारा गठित बांदा हो महर्षि बामदेव नगर एक्शन फोरम जिस तीव्रता के साथ संकल्पबद्ध होकर अग्रसर है वह प्रशंसनीय है। त्रिवेणी फाउंडेशन ट्रस्ट और फोरम के संकल्प को आम जनमानस का जो प्रबल समर्थन मिल रहा है उससे निसंदेह सरकारी तंत्र प्रभावित होगा और न केवल अविलंब ही बांदा जनपद महर्षि बामदेव नगर के नाम से जाना माना जाएगा अपितु सर्वांगीण विकास के साथ ही जनपदवासियों के व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रगति के द्वार भी खुलेंगे। बांदा जनपदवासियों के इस विश्वास की बुनियाद को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ समय पहले ही चित्रकूट कार्यक्रम में मजबूत कर गए थे जब उन्होंने अपने भाषण में कहा था कि जहां-जहां प्रभु श्री राम के चरण पड़े उनको जोड़कर रामायण सर्किट के रूप में विकसित किया जा रहा है और रामायण सर्किट के दर्शन के लिए रामायण एक्सप्रेस ट्रेन भी चलाई जा रही है आने वाले समय में देश विदेश के श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी और यहां के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे चित्रकूट सहित पूरे बुंदेलखंड और उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेस रफ्तार मिलेगी चित्रकूट इसका एक अहम पड़ाव है । तथापि आज मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं हो रहा है कि इस मुहिम के प्रति जनपद बांदा के चिंतकों ,लेखकों, पत्रकारों, कवियों आदि प्रबुद्धजनों, युवा संगठनों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों, राजनीतिक दलों, व्यावसायिक एवं औद्योगिक वर्ग के लोगों को जितना उत्साहित होकर अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए उतनी दृष्टिगोचर नहीं हो रही है। इस स्तम्भ आलेख के माध्यम से मैं सभी का आह्वान करता हूं कि वर्तमान और भावी पीढ़ी के स्वर्णिम भविष्य के लिए तथा अपने जिले की गरिमा को जीवंत बनाए रखने के लिए इस मुहिम को अपने-अपने स्तर से और अधिक प्रबलता प्रदान करने हेतु अपनी भूमिका का निर्वाह अवश्य सुनिश्चित करें तो लक्ष्य की प्राप्ति में अधिक विलंब नहीं होगा। मंगल कामनाओं सहित समस्त जनपदवासियों को ससम्मान नमन ।लेखक दैनिक नवकर्मयुग के पूर्व समाचार संपादक रह चुके हैं।

Tagged in : #birds#environment #CMUK #CMUP #congress Blog

Categorized in : All News उत्तर प्रदेश देश