यूपी 80 ए,बी,सी व डी सीरीज के वाहन होंगे जब्त, आज से चलेगा अभियान
आगरा की सड़कों पर 15 साल पुराने और यूपी 80 ए, बी, सी व डी सीरीज के वाहन चलते पाए गए तो तुरंत जब्त किए जाएंगे। ताज ट्रिपेजियम जोन में इन वाहनों को जब्त करने के बाद नष्ट कर दिया जाएगा। वाहन चालक पर जुर्माना लगेगा। शहर में ऐसे 68 हजार वाहन हैं जो स्मार्ट सिटी इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर के कैमरों की पकड़ में आए हैं। आरटीओ और पुलिस की टीम बुधवार से 15 साल पुराने वाहनों को जब्त करने का अभियान चलाएगी।
मंगलवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में हुई बैठक कमिश्नर अमित गुप्ता ने 15 साल पुराने ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने कंट्रोल एंड कमांड सेंटर के जरिए इन वाहनों को जब्त करने के लिए मिलकर काम करने को कहा। बुधवार से ऐसे प्रतिबंधित वाहनों को जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई के लिए आरटीओ, ट्रैफिक पुलिस, पुलिस की टीम बनाई है।
आरटीओ कार्यालय यूपी 80 ए, बी, सी व डी सीरीज के साथ पड़ोसी जिलों और पड़ोसी राज्यों के पुराने वाहनों समेत 68 हजार वाहनों को तीन साल पहले ही प्रतिबंधित कर चुका है। ये वाहन आरटीओ में वर्ष 1989 से 2004 तक पंजीकृत कराए गए हैं। इनमें से 30 हजार दोपहिया वाहन, लोडिंग टेंपो, मैजिक, ऑटो, बसें और कारें हैं। पुराने लोडिंग टेंपो पानी के प्लांट और मंडियों में माल ढोने में लगे हुए हैं।
स्मार्ट सिटी कमांड सेंटर के कैमरों की पकड़ में ऐसी बसें भी मिलीं जो सरेंडर की जा चुकी थीं। इन बसों को सड़क पर संचालित नहीं किया जा सकता, लेकिन कैमरों ने इन्हें सड़क पर लगातार चलते हुए पकड़ा। सरेंडर बसों का टैक्स जमा नहीं होता। ऐसे वाहन स्वामियों को नोटिस देने के आदेश दिए गए। बैठक में एसएसपी बबलू कुमार, नगरायुक्त निखिल टी फुंडे, एसपी पश्चिमी, आरटीओ (प्रशासन) पीके सिंह, आरटीओ (प्रवर्तन) अनिल कुमार, एआरटीओ एके सिंह आदि मौजूद रहे।
Tagged in : #auto #ऑटोमोबाइल #ऑटोमोबाइलबाजार #गाड़ी #car #CMUK
Categorized in : All News उत्तर प्रदेश