अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

पटना — हिन्दुओं के सार्वभौम धर्मगुरु पुरी पीठाधीश्वर श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य पूज्यपाद स्वामी श्रीनिश्चलानन्द सरस्वती जी महाभाग ने सनातन संस्कृति संरक्षणार्थ एवं राष्ट्र रक्षा हेतु धर्मसंघ पीठ परिषद् संस्थापित किया है। पीठ परिषद के अंतर्गत युवाओं के लिये आदित्यवाहिनी तथा मातृशक्ति के लिये आनन्दवाहिनी संगठन कार्यरत है। कोरोना के संकटकाल में आधुनिक यांत्रिक विधा की सहायता से विभिन्न प्रकल्प संचालित हैं। मातृशक्ति के संगठन आनन्दवाहिनी के द्वारा बाल संस्कार के लिये गृह बने गुरूकुल तथा वैदिक गणित अध्यापन में सहभागिता की जा रही है। इसी कड़ी में आनन्दवाहिनी के बिहार प्रदेश इकाई की बैठक आनलाईन आयोजित की गई , जिसमें सांगठनिक सक्रियता के साथ साथ विभिन्न प्रकल्पों के प्रगति की समीक्षा हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो०डॉ इंदिरा झा ने किया , प्रारंभ में संस्था गीत की प्रस्तुति श्रीमती सरोज तिवारी ने दी। स्वागत भाषण में रेणु ने समस्त मातृशक्ति को संस्था के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संकल्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। अध्यक्षा इंदिरा झा ने संस्था के उद्देश्य एवं अभियान की विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुये कहा कि गुरूदेव भगवानश्री के इस दिव्य अभियान से जुड़ने में लौकिक पारलौकिक उत्कर्ष संभव है , साथ ही स्मरण दिलाया कि पुरीपीठ के वर्तमान पूज्यपाद शंकराचार्य जी की प्राकट्य स्थली बिहार है , अतः हम सबके लिये यह गौरव की बात है । शंकराचार्य भगवानश्री के द्वारा संगठन की सफलता के लिये सूत्र के अनुसार चयन , प्रशिक्षण और नियोजन को आधार बनाकर अपने कार्यक्षेत्र में सक्रियता हेतु सभी को प्रेरित किया। डॉ० रूपकला ने अपने अनुभव साझा करते हुये बताया कि किस तरह गुरुदेव के अभियान से जुड़ने पर उनके जीवन में शुभता आयी। डॉ० रश्मि ने भगवतस्वरूप गुरुदेव भगवान के राष्ट्र रक्षा अभियान से जुड़े रहने का संकल्प लिया । कार्यक्रम में संगीता ने कहा कि हमारी पहचान गीता, गंगा, ग्रंथ ,गाय और गोविन्द से है और हम सब सनातनियों को एकजुट होकर इनकी रक्षा करनी है। ललिता ने कहा कि सनातन मानबिन्दुओं की रक्षा के पवित्र अभियान में सहभागिता हेतु समाज में जनजागृति की आवश्यकता है। विनीता एवं रंजना ने भी बैठक में अपने भाव व्यक्त किये। धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती पुनीता तिवारी ने किया। बैठक का संचालन एवं जयघोष के साथ समापन आनन्दवाहिनी की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा श्रीमती नीलम झा ने किया ।

Categorized in : bihar