अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
शिवरीनारायण — बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड के ग्राम मेंड़पार बाजार में 45 गायों के मौत पर संज्ञान लेते हुये गौसेवा आयोग छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास ने अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर आयोग की टीम घटनास्थल के लिये रवाना किया। इस हादसे पर प्रतिक्रिया जानने के लिये बहुत देर तक संपर्क की कोशिश किये जाने पर दूधाधारी मठ , शिवरीनारायण मठ के पीठाधीश्वर एवं छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महामंडलेश्वर राजेश्री डा० महन्त रामसुंदर दास जी ने स्वयं ही कृपापूर्वक फोन लगाकर छत्तीसगढ़ गो सेवा संगठन प्रमुख एवं वरिष्ठ पत्रकार अरविन्द तिवारी को दूरभाष पर चर्चा की। महन्तजी ने इस हादसे को बहुत ही दुर्भाग्यजनक एवं हृदयविदारक बताते हुये कहा कि गायों की मौत किन परिस्थितियों में हुई इसकी जानकारी प्राप्त कर शासन को प्रतिवेदन भेजा जायेगा जिससे कि इस तरह के घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो। श्रीमहन्त ने बताया कि दोषियों को बख्शा नही जायेगा , उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है और उन पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जायेगी। शासन की गोवंश संरक्षण संबंधी इस महात्वाकांक्षी योजना के लिये शासकीय सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर गोठान समिति के अलावा सभी ग्रामीणजन की सक्रिय सहभागिता के लिये अभियान चलाया जायेगा। जिससे कि गोवंश के संरक्षण की योजना को और व्यवस्थित किया जा सके।
Categorized in : छत्तीसगढ़