अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट गौरेला पेंड्रा मरवाही — छत्तीसगढ़ में लॉकडॉऊन की घोषणा के बाद पेंड्रा गौरेला मरवाही जिले के कलेक्टर शिखा राजपूत तिवारी आज सुबह जवानों के साथ डंडा लेकर सड़कों पर नजर आयी। इस दौरान उन्होंने अनावश्यक घूम रहे लोगों को घर से निकलने का वजह पूछी और समझाईश देते हुये उन्हें घरों में रहने की सलाह दी। इस बीच मीडिया से उन्होंने कहा कि प्रदेश में नगरीय निकाय में 144 धारा लागू की गई है जिसे विस्तार करते हुये हमने पूरे जिले भर में 144 धारा लागू कर दी है। इसका हम कड़ाई से पालन करा रहे हैं। ताकि कोरोना जैसे संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों को हम समझाइश देकर उन्हें वापस घर भेज रहे हैं। उन्होंने आगे यह भी कहा कि जरूरत के सामान उपलब्ध कराने की हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि उन्हें जरूरत के सामान सब्जी, राशन और मेडिकल जैसी सुविधाएयें आसानी से उपलब्ध हो सके। इसमें उनको कोई परेशानी ना हो इसका भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा की इसके लिये पूरा पुलिस महकमा और राजस्व विभाग के साथ-साथ अन्य विभाग के कर्मचारियों को भी इस कार्य में लगाया गया है। वहीं कलेक्टर शिखा राजपूत तिवारी ने लोगों से अपील की है कि वह घर से ना निकले ताकि वे खुद सुरक्षित रहे इसके साथ ही वे दूसरों को भी सुरक्षित रख सकें।
Categorized in : छत्तीसगढ़