अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट बिलासपुर — शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नही बल्कि अच्छा इंसान बनना हैं। इसके साथ ही सभी धर्मों की अच्छी बातों-आदर्शों का अनुसरण करना चाहिये। गुरू घासीदास जी ने हमेशा समाज के कमजोर वर्ग के उत्थान के लिये सद्मार्ग सुझाते हुये मनखे-मनखे एक समान के आदर्श पर चलकर समाज में मेलजोल, समरसता से रहने और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया है। गुरू घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय परिसर बिलासपुर में आज राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने आठवें दीक्षांत समारोह में शिरकत की और 74 उत्कृष्ट विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल तथा 75 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की। महामहिम राष्ट्रपति के आदेश से एक घंटा विलंब से पूर्वान्ह 11:00 बजे शुरू हुये इस दीक्षांत समारोह में 09 संकायों के श्रेष्ठ विद्यार्थियों को गोल्ड प्रदान किये गये। इससे पहले दीक्षांत समारोह शोभायात्रा निकाली गई और विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रपति श्री कोविंद ने सामूहिक फोटो भी खिंचायी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उईके, मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री अशोक मोडक, कुलपति प्रोफेसर अंजिला गुप्ता और कुलसचिव प्रोफेसर शैलेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे। दीक्षांत समारोह में 74 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल दिया गया। जिनमें 44 छात्रायें एवं 30 छात्र शामिल रहे। इसी प्रकार 75 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई। जिनमें 49 छात्र और 29 छात्रायें शामिल रही।
छत्तीसगढ़ की विभूतियों को किया याद
राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने छत्तीसगढ़ को विकास पथ पर अग्रसर करने की सोच लेकर उसका निर्माण और जनकल्याण की भावना से काम करने वाले महान विभूतियों और स्वतंत्रता सेनानियों को भी याद किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में छत्तीसगढ़ को श्री जगन्नाथ प्रसाद भानु, श्री माधवराव सप्रे, श्री मुकुटधर पाण्डेय, वीर नारायण सिंह, श्री पदुम लाल पुन्नालाल बक्शी, श्री लोचन प्रसाद पाण्डेय, इंजीनियर श्री राघवेन्द्र राव, श्री रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर श्री छेदीलाल और श्रीमती तीजन बाई की कर्मभूमि बताते हुये उन्हें याद किया।राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने गुरूघासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय में शिक्षा एवं शोध के लिये किये जा रहे नवाचारों की भी तारीफ की।
इन्हें मिला गोल्ड मेडल
कुमारी क्वीनी यादव बीएससी ऑनर्स गणित 94.49 प्रतिशत अंक, अर्पिता नायक एमएससी जुलाजी 92.3 प्रतिशत अंक, कुमारी चंद्रिका बीएससी ऑनर्स भौतिक शास्त्र 92 प्रतिशत अंक, दबारून दास भौमिक बीटेक मैकेनिकल 90.1 प्रतिशत अंक, किशोर कुमार कोठारी एमए अर्थशास्त्र 90.1 प्रतिशत अंक, कुमारी पूजा पटेल बीकॉम ऑनर्स 90 प्रतिशत अंक, विनोद कुमार खुंटे एमलिब 89.8 प्रतिशत अंक, कुमारी आयुषी सिंह डीफार्मा 88.1 प्रतिशत अंक, कुमारी माधुरी मरकाम बीकॉम एलएलबी 83 प्रतिशत अंक। कुमारी क्वीनी यादव को विश्वविद्यालय में सभी संकायों में से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के लिये गुरू घासीदास पदक से भी नवाजा गया।
Categorized in : छत्तीसगढ़