अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट बिलासपुर — महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कल से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महामहिम राष्ट्रपति कल एक मार्च की सुबह 10:09 बजे रांँची विमानतल से भारतीय वायुसेना के विमान से रवाना होकर पूर्वान्ह 11:30 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर पहुँचेंगे। जहाँ मुख्यमंत्री और राज्यपाल उनका आगवानी करेंगे। उसके बाद वे राजधानी से 11:40 बजे हेलीकाप्टर से रवाना होकर दोपहर 12:25 बजे बिलासपुर हेलीपेड पहुँचेंगे जहाँ से सर्किट हाऊस जायेंगे। देर शाम 06:00 बजे छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एवं अन्य न्यायाधीशगणों से हाई टी में भेंट करेंगे और रात्रि विश्राम बिलासपुर में ही करेंगे। दिवंगत राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के बाद महामहिम राष्ट्रपति रामनार कोविंद दूसरे राष्ट्रपति होंगे जो बिलासपुर में रात्रि विश्राम करेंगे। 1985 में बिलासपुर विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह बिलासपुर आये थे। दूसरे दिन 02 मार्च को सुबह 10:00 बजे से गुरू घासीदास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे और यहाँ विश्वविद्यालय के पाँच नये भवनों का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के बाद 11:15 बजे बिलासपुर हेलीपेड से रवाना होकर 12 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल, रायपुर पहुंँचेंगे और वहाँ से 12:10 बजे भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली के लिये रवाना हो जायेंगे।
Categorized in : छत्तीसगढ़