अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट प्रयागराज — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रयागराज के दौरे पर पहुँचेंगे जहांँ वे 26000 से अधिक दिव्यांगों व बुजुर्गों को 57000 कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित कर एक ही दिन में एक स्थान से इतनी बढ़ी संख्या में उपकरण वितरित करने का वर्ल्ड रिकार्ड बनायेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले राजकोट में एक शिविर में 18000 दिव्यांगों को उपकरण बांटे गये थे। उपकरण वितरण के लाभार्थियों को घर से समारोह स्थल तक लाने और आयोजन के बाद उन्हें घर तक वापस छोड़ने के लिये प्रशासन की ओर से विशेष वाहन के इंतजाम किये गये हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पीएम की सुरक्षा के लिये जोन के 08 जिलों से पुलिस फोर्स बुलाया गया है। छह आईपीएस, 15 एएसपी, 30 डिप्टी एसपी, लगभग सौ इंस्पेक्टर, 200 से ज्यादा सब इंस्पेक्टर, ढ़ाई हजार महिला और पुरुष सिपाहियों तैनाती की गयी है। इसके अलावा दो बम डिस्पोजल स्क्वॉयड और छह एंटी सबोटाज चेक टीम सुरक्षा में तैनात रहेंगे।

बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का भी करेंगे शिलान्यास

प्रयागराज में कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी उत्तरप्रदेश के चित्रकूट जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और पेयजल योजनाओं का शिलान्यास के पश्चात जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस मौके पर राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। यहाँ कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात मोदी पुन: प्रयागराज के लिये उड़ान भरेंगे और वहाँ से विशेष विमान से दिल्ली के लिये रवाना हो जायेंगे।

Categorized in : देश