अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट नई दिल्ली — दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुँचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारत और अमेरिका के तीन अरब डालर के रक्षा सौदे को अंतिम रूप दिया और तीन समझौता पत्रों पर हस्ताक्षर किये जिसमें से एक समझौता ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जोर देकर कहा कि दोनों देशों ने अपने संबंधों को समग्र वैश्विक सामरिक गठजोड़ के स्तर पर ले जाने का निर्णय लिया है। राष्ट्रपति ट्रंप का ऐतिहासिक और भव्य स्वागत हमेशा याद रखा जायेगा। उन्होंनें अमेरिका और भारत के संबंधों को 21वीं सदी का सबसे महत्वपूर्ण गठजोड़ बताते हुये कहा कि यह संबंध सिर्फ दो सरकारों के बीच नहीं हैं, बल्कि लोक केंद्रित हैं। वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी इस यात्रा को अविस्मरणीय, असाधारण और सार्थक बताते हुये कहा ”हमने तीन अरब डॉलर के रक्षा समझौतों को अंतिम रूप दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका-भारत की साझेदारी सही मायने में पहले से काफी मजबूत हुई है और दोनों देशों ने शानदार समझौते किये हैं। इसके साथ ही संयुक्त प्रेस वार्ता में पीएम मोदी ने कहा कि अहमदाबाद में सोमवार को राष्ट्रपति ट्रंप का जैसा स्वागत हुआ, उसे हमेशा याद रखा जाएगा। हमने भारत-अमेरिकी संबंधों को व्यापक वैश्विक साझेदारी के स्तर तक ले जाने का फैसला किया है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी का प्रतिबिंब है। ट्रेड डील को लेकर बातचीत पर दोनों देशों के बीच समहति बनी है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमने आतंकवाद के समर्थकों को जवाबदेह ठहराने की खातिर प्रयास बढ़ाने का फैसला किया है। हमारे बीच नशीले पदार्थों की तस्करी पर काबू करने के लिए नई प्रणाली पर सहमति बनी है। पीएम मोदी ने कहा कि तेल और गैस के लिए अमेरिका भारत का एक महत्वपूर्ण स्रोत बन गया है। वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह यात्रा अविस्मरणीय, असाधारण और सार्थक रही है। हम कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद से निपटने में सहयोग करने को सहमत हुये हैं। साथ ही उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि हमने तीन अरब डॉलर के रक्षा समझौतों को अंतिम रूप दिया है। हमने 5G दूरसंचार प्रौद्योगिकी, हिंद-प्रशांत में स्थिति पर चर्चा की। दोनों देशों के बीच यह बातचीत व्यापक व्यापार सौदा करने पर फोकस था। ट्रंप ने आगे कहा कि भारत में पिछले दो दिन शानदार रहे, विशेष तौर पर मोटेरा स्टेडियम का कार्यक्रम। ट्रंप ने मीडिया के समक्ष मोदी से कहा, ” यह मेरे लिये बड़े सम्मान की बात थी।
Categorized in : देश