अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट नई दिल्ली — अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिये नवगठित ट्रस्ट ‘राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र’ की रामलला के वकील रहे केशवन अय्यंगार परासरण के ग्रेटर कैलाश स्थित दिल्ली निवास में आज शाम 05:00 बजे अहम् बैठक होने वाली है। ट्रस्ट के सभी सदस्य दिल्ली पहुँच चुके हैं। इस बैठक में महंत नृत्य गोपाल दास और चंपत राय दोनों को ट्रस्ट में मनोनीत किये जा सकते हैं। इस बैठक का मुख्य एजेंडा मंदिर निर्माण की तिथि और तौर-तरीकों के साथ-साथ नये सदस्यों का चुनाव , मंदिर निर्माण हेतु समयसीमा निर्धारण , मंदिर निर्माण के दौरान रामलला के रखने के स्थान , मंदिर निर्माण के लिये फंड जुटाने की योजना , प्रस्तावित मंदिर की भव्यता दिव्यता , राम मंदिर बनाने के साथ ही ट्रस्ट बृहद राम कॉम्प्लेक्स बनाने , मौजूदा समय में रामलला की सुरक्षा बनाये रखने या उसे हटाने एवं अयोध्या के मास्टर प्लान पर भी विस्तृत चर्चा होगी।
निर्मोही अखाड़े द्वारा पूजा के अधिकार की मांग की जायेगी जबकि डीएम समेत अन्य ट्रस्टियों की ओर से रामालय ट्रस्ट की ओर से वाराणसी में राममंदिर के लिये स्वर्णदान लेने पर रोक समेत राममंदिर बनवाने के नाम पर बने अन्य ट्रस्टों की परिसंपत्तियों को फ्रीज करके उपयोग में लेने का मुद्दा भी उठेगा। मंदिर निर्माण से संबंधित भी बहुत सारे काम है जिन सबके बारे में आज एक दिन की बैठक में ही निर्णय नही लिया जा सकता। वहीं ट्रस्ट सूत्रों का कहना है कि भूमि पूजन 25 मार्च से 08 अप्रैल के बीच हो जायेगा लेकिन निर्माण कार्य शुरू करने में अभी वक्त लगेगा।
यूपी बजट में भी अयोध्या , वाराणसी पर फोकस
उत्तरप्रदेश सरकार ने कल मंगलवार को पेश किये बजट में अयोध्या के प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिये 500 करोड़ रुपये का आवंटन किया है। इसके साथ ही पर्यटकों के लिये सुविधायें उपलब्ध कराने के मद में 85 करोड़ और तुलसी स्मारक भवन के लिये 10 करोड़ का एवं वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर के लिये 200 करोड़ रुपये का भी प्रावधान किया गया है।
Categorized in : देश