अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट जांँजगीर चांँपा –इंदौर निवासी एक सिरफिरा आशिक प्रेमिका के घर पिस्टल लेकर घुस गया और उसके सिर में पिस्टल तानकर उसे भगाकर ले जा रहा था तभी काफी ड्रामे के बाद पुलिस ने सिरफिरे आशिक को पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया। हसौद पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जाँच कर रही है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आरोपी युवक गोलू बालोनिया मध्यप्रदेश के इंदौर के महावीर नगर निवासी है। जो पिस्टल लेकर अपनी प्रेमिका से मिलने जाँजगीर चाँपा जिला के हसौद थानान्तर्गत ग्राम कैथा पहुँचा। और प्रेमिका पर पिस्टल तानकर उसे भगाकर ले जाने का प्रयास कर रहा था । युवती के परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो उसने फायरिंग भी कर दी हालांकि वह गोली किसी को नही लगी। इसी दौरान शोर शराबा सुनकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। हसौद पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुँची जिसे देखते ही आरोपी युवक अपने सिर पर पिस्टल तान दी और गोली चलाने की धमकी देने लगा। जैसे-तैसे पुलिस कर्मियों ने उसे समझा बुझाकर अपनी गाड़ी थाना ले आये और उसके पास मौजूद पिस्टल को जब्त कर लिया। प्रेमिका के पिता की शिकायत पर हसौद पुलिस आरोपी प्रेमी गोलू वलोनिया के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 और आईपीसी की धारा 294, 506 B, 458, 366, 511 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जाँच कर रही है। प्राथमिक बयान में जानकारी मिली है कि सिरफिरा युवक का जबलपुर में युवती से परिचय हुआ था जिसके बाद से दोनों के बीच बातचीत होती थी। इसी बीच युवक लड़की को भगा ले जाने पिस्टल लेकर उसके घर आ पहुंँचा। पुलिस युवक को पिस्टल सहित कब्जे में लेकर मामले की जाँच कर रही है। यह घटना क्षेत्र के लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले का वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें युवक पिस्टल लहराता औऱ खुद पर ताने हुये भी दिखाई दे रहा है।
Categorized in : छत्तीसगढ़