अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट नई दिल्ली — अरविंद केजरीवाल का शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 10:00 बजे रामलीला मैदान में होगा।नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली की जनताओं को पूरी तरह से समर्पित है। दिल्ली का रामलीला मैदान एक नया इतिहास बनाने के लिये तैयार है। अरविंद केजरीवाल के अलावा उनके मंत्रिमंडल के 06 मंत्री मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेंद्र गौतम भी शपथ लेंगे। आम आदमी पार्टी ने न तो किसी बाहरी राज्य के सीएम को बुलाया है और न ही किसी नेता को निमंत्रण दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अरविंद केजरीवाल ने आमंत्रित किया है लेकिन मोदी आज वाराणसी दौरे की वजह से दिल्ली में नहीं रहेंगे। रामलीला मैदान के बाहरी इलाकों में LED स्क्रीन लगाने की व्यवस्था की गई है। मुख्य मंच के दोनों तरफ दो और मंच बनाये गये हैं जिस पर शपथ ग्रहण समारोह के VVIP मेहमान बैठेंगे लेकिन वो VVIP देश के बड़े नेता नहीं बल्कि दिल्ली के लोग होंगे। 50 VVIP में जो लोग शामिल हैं उन्हें दिल्ली का निर्माता नाम दिया गया है. इसमें शिक्षक, स्कूल के चपरासी, प्रिंसिपल, मोहल्ला क्लीनिक के डॉक्टर, बाइक एंबुलेंस के राइडर, सफाई कर्मचारी, आंगन बाड़ी से जुड़ी महिलाएं जैसे लोग शामिल हैं।

Categorized in : देश