अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट नई दिल्ली — दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आज अरविंद केजरीवाल ने लगातार तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने केजरीवाल और उनके मंत्रिमंडल के छह विधायकों मनीष सिसोदिया, सतेंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेंद्र पाल गौतम को मंत्री पद की शपथ दिलायी। शपथ के बाद मंच से संबोधन में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भारत माता की जय, वंदे मातरम के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करते हुये कहा कि ये मेरी नहीं, दिल्लीवालों की जीत है। मैं दिल्लीवालों के जिंदगी में खुशहाली लाने की कोशिश करूंँगा। केजरीवाल ने कहा कि चुनाव के दौरान जो भी राजनीतिक उठा-पटक हुई उसे भूल जाओ। हम केंद्र के साथ मिलकर काम करेंगे। आप किसी भी पार्टी या धर्म के हों, काम हो तो मेरे पास आ जाना. देश में दिल्ली से नई राजनीति की शुरुआत हुई है. दिल्ली के विकास के लिये प्रधानमंत्री का आशीर्वाद चाहता हूंँ। मैं सबके साथ मिलकर काम करना चाहता हूंँ।केजरीवाल ने कहा कि मां के लिये बच्चे का प्यार फ्री होता है. ऐसे सीएम पर लानत है जो स्कूल की फीस बच्चों से ले, मुफ्त इलाज न दे सके. उन्होंने कहा कि दिल्ली मॉडल अब पूरे देश में दिख रहा है। एक दिन भारत का डंका पूरे विश्व में बजेगा। दिल्ली को कोई केजरीवाल, कोई नेता नहीं चलाता। दिल्ली को दिल्ली के टीचर, डॉक्टर, ऑटो, रिक्शेवाले, छात्र, बस ड्राइवर, रेहड़ी वाले, व्यापारी चलाते हैं। मुझे खुशी है कि इस साल ये लोग चीफ गेस्ट के तौर पर आये हैं। तीसरी बार दिल्ली की कमान संभालने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चुनाव में विरोधियों ने हमारे बारे में जो कुछ बोला, हमने उन्हें माफ कर दिया। मैंने हर दल के लोगों के लिये काम किया है। दिल्ली के दो करोड़ लोग मेरा परिवार हैं। सबके साथ मिलकर दिल्ली को खूबसूरत बनाना है। सभी पार्टियों के साथ मिलकर काम करना है। आखिरी में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ‘हम होंगे कामयाब’ और वंदे मातरम गीत गाकर भारत माता की जयकारे के साथ अपने संबोधन को विराम दिया।
Categorized in : All News