अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट नई दिल्ली — दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के शपथ ग्रहण को लेकर अधिसूचना जारी हो चुकी है। कल 16 फरवरी रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रात: 10:00 बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के मनोनीत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ ही 06 विधायक मनीष सिसोदिया, सतेंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेंद्र गौतम भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। हालांकि किस मंत्री को कौन सा मंत्रालय मिलेगा इसका बँटवारा बाद में होगा। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के सभी कैबिनेट मंत्री इस बार भी चुनाव जीतने में कामयाब रहे हैं। पहले कहा जा रहा था कि केजरीवाल अकेले ही शपथ लेंगे और बाद में कैबिनेट का गठन किया जायेगा लेकिन अब सभी के एक साथ शपथ लेने की जानकारी मिली है। यह देखना भी दिलचस्प होगा कि क्या केजरीवाल इस बार कोई विभाग अपने पास रखेंगे या पिछली बार की तरह अपने मंत्रियों में ही सारे विभागों का बंटवारा कर देंगे। दूसरी खास बात यह है कि इस शपथग्रहण समारोह में दिल्ली की जनता ही व्हीआईपी होगी। मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह के लिये अरविंद केजरीवाल की तरफ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी न्यौता दिया गया है। लेकिन मोदी इस शपथग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे या नही यह अभी स्पष्ट नही हो पाया है। इसके साथ ही केजरीवाल के तीसरी बार मुख्यमंत्री शपथग्रहण समारोह में विपक्ष के दिग्गज नेताओं और मुख्यमंत्रियों की एकता वाली तस्वीर दिखाई नहीं देगी। आम आदमी पार्टी सूत्रों के मुताबिक अरविंद केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह में सिर्फ दिल्ली वालों को ही निमंत्रण भेजा गया है।
Categorized in : देश