कल सायं काल 90 यात्रियों को दिल्ली से लेकर बिहार जा रही स्लीपर बस बुधवार देर रात ऐसी भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई कि मौके पर पहुंचे प्रत्यक्षदर्शियों के रोंगटे खड़े हो गए। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई और 35 लोग घायल हैं। सभी घायलों को सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

अस्पताल पहुंचने के बाद भी आलम यह था कि तीन-चार से शुरू हुआ मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता गया। देर रात शांत पड़े अस्पताल में देखते ही देखते ऐसी चीख पुकार मच गई कि घायलों के कराहने से पूरा परिसर गूंज उठा।

देर रात तक हादसे में मारे गए लोगों की शिनाख्त नहीं हो पाई। तीन लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी। थोड़ी देर में एक और ने दम तोड़ दिया और उसके बाद यह सिलसिला 16 मौतों तक जारी रहा।

हालांकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बस दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए डीएम व एसपी को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य करने के निर्देश दिए। एडीजी व आईजी भी मौके पर पहुंचे।

Categorized in : उत्तर प्रदेश