अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट रायपुर — मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज से राजिम में प्रारंभ हो रहे माघी पुन्नी मेला और शिवरीनारायण मेले की प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनायें देते हुये कहा है कि राजिम में महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के पवित्र त्रिवेणी संगम में सदियों से इस मेले का आयोजन हो रहा है। जिसमें छत्तीसगढ़ ही नहीं आसपास के राज्यों के लोग भी बड़ी संख्या में श्रद्धा के साथ इस मेले में शामिल होते हैं। राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक परम्पराओं को संरक्षित और संवर्धित करने के प्रयासों के तहत राजिम माघी पुन्नी मेले को उसके प्राचीन मूल स्वरूप में फिर से आयोजित किया जा रहा है। माघ पूर्णिमा पर शिवरीनारायण में महानदी, शिवनाथ और जोंक नदी के पावन संगम पर शुरू होने वाले मेले में भी लोग बड़ी श्रद्धा और आस्था के साथ शामिल होते है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री बघेल ने महानदी के तट पर सिरपुर में कल से प्रारंभ हो रहे सिरपुर महोत्सव की शुभकामनायें भी प्रदेशवासियों को दी हैं।

Categorized in : छत्तीसगढ़