अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट रायपुर — सर्वभूतहृदय यतिचक्र चूड़ामणि स्वामी श्री हरिहरानंद सरस्वती जी महाराज (धर्म सम्राट स्वामी श्री करपात्री जी) के 38 वें निर्वाण आराधना महोत्सव के पावन अवसर पर ऋग्वेदीय पूर्वाम्नाय गोवर्धन मठ पुरीपीठाधीश्वर अनंत श्रीविभूषित श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज के पावन सानिध्य में भक्तों को भुवनेश्वर ( उड़ीसा) में दिव्य मार्गदर्शन सुलभ होगा। इसी क्रम में गुरूदेव भगवान की पावन मार्गदर्शन में धर्मसंघ , पीठ परिषद , आदित्यवाहिनी- आनन्दवाहिनी , राष्ट्रोत्कर्ष अभियान के तत्वावधान में विभिन्न प्रान्तों में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा तथा सभी प्रांतों के प्रत्येक जिले में सत्संग , विचार गोष्ठी , रुद्राभिषेक , शिवार्चन , सहस्त्रार्चन , पूजन आराधना , भजन , वृक्षारोपण , फल वितरण , गौसेवा , सनातन संस्कृति संरक्षणार्थ , पर्यावरण शुद्धि , हिन्दुओं के प्रशस्त मानबिन्दुओं की रक्षा हेतु विविध भव्यतम कार्यक्रम आयोजित है। इसकी अगली श्रृंखला में पूज्यपाद शंकराचार्य महाभाग के द्वारा अयोध्या के संदर्भ में प्रसारित संदेश का अधिक से अधिक प्रचार किया जाना है । सर्वहित की भावना से शासनतंत्र का दायित्व है कि उसका पालन सुनिश्चित करें इसी में सबका कल्याण निहित है।

Categorized in : देश