अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट रायपुर — छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग राज्य सेवा -2019 की प्रारंभिक परीक्षा (CGPSC) कल 09 फरवरी रविवार को दो पालियों में आयोजित की जायेगी। इसके लिए राजधानी सहित प्रदेशभर के 16 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। यह परीक्षा सरगुजा, बैकुंठपुर, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, दंतेवाड़ा, बस्तर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, कांकेर, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, रायगढ़ एवं राजनांदगांव के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जायेगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 03:00 से शाम 05:00 बजे तक होगी।
दृष्टिहीन और विकलांगों को मिलेगा सह-लेखक
आयोग के सचिव ने बताया कि दृष्टिहीन या दोनों हाथ नहीं होने वाले अभ्यर्थियों के लिये विशेष अनुदेश जारी किये गये हैं। जिसके अनुसार ऐसे अभ्यर्थी मेडिकल बोर्ड का चिकित्सीय प्रमाण पत्र व सिविल सर्जन का चिकित्सीय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करके सह-लेखक की सुविधा ले सकते है। सह-लेखक की शैक्षणिक योग्यता बारहवीं से अधिक नहीं होनी चाहिये। सहायक लेखक की सुविधा अभ्यर्थी कार्यालयीन प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही ले पायेगा।
Categorized in : छत्तीसगढ़