अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट रायपुर — मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल 08 फरवरी को नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखंड स्थित ग्राम बासिंग और जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा के दौरे पर रहेंगे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री कल पूर्वान्ह 10:30 बजे रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 11:15 बजे तक नारायणपुर के ग्राम बासिंग पहुँचेंगे। जहाँ अबूझमाड़ हाफ मैराथन 2020 के समापन समारोह में शामिल होकर मैराथन के विजयी धावकों को पुरस्कृत करेंगे। वे इस मौके पर लगभग 255 करोड़ के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत् हितग्राहियों को सामाग्रियांँ प्रदान करेंगे। इसके साथ ही लगभग 5600 अबूझमाड़ियों को कम्बल का वितरण भी करेंगे। उसके बाद वे दोपहर 01:00 बजे दंतेवाड़ा पहुंँचकर दंतेवाड़ा माड़ाकाल का शुभारम्भ करेंगे। वहाँ के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर वापस जायेंगे।