अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट अयोध्या — राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से नाराज के चलते अयोध्या में होने वाली साधु-संतों की बैठक गृहमंत्री अमित शाह के आश्वासन के बाद फिलहाल टल गई है। ये बैठक मणिराम दास छावनी में आज दोपहर 03:00 बजे होनी थी। दरअसल ट्रस्ट में महंत नृत्य गोपाल दास का नाम ना होने की वजह से साधु-संतों में नाराजगी है। हालांकि अब कहा जा रहा है कि महंत नृत्य गोपाल दास को भी प्रस्ताव भेजा जायेगा। इस बीच ये खबर भी सामने आ रही है कि राम मंदिर ट्रस्ट में महंत नृत्य गोपाल दास को अब भी जगह मिल सकती है। बैकडोर से ट्रस्ट में महंत की एंट्री करायी जा सकती है। महंत नृत्य गोपाल दास के नाम को बोर्ड ऑफ ट्रस्टी नॉमिनेट कर सकता है। इसके संकेत ट्रस्टी स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती ने देते हुये कहा कि महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि बोर्ड ऑफ ट्रस्टी को सदस्य नामित करने का अधिकार है। उन्होंने संकेत दिये कि वे खुद महंत नृत्य गोपाल दास के नाम का प्रस्ताव रखेंगे। बता दें कि महंत नृत्य गोपाल दास राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष हैं।

अनशन पर बैठे परमहंस दास

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत को ट्रस्ट का संरक्षक और परमाध्यक्ष बनाने की मांग को लेकर अयोध्या की तपस्वी छावनी से निष्कासित महंत परमहंस दास बुधवार से ही अनशन पर बैठे हैं। उन्होंने अन्न व जल सब त्याग दिया है।

Categorized in : देश