अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट कैम्ब्रिज (अमेरिका) — छत्तीसगढ़ का नाम अतिशीघ्र ही इतिहास के पन्नों पर ऐतिहासिक रूप से अंकित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने दस दिवसीय अमेरिका दौरे के बीच 15 फरवरी को दुनियाँ के चर्चित हावर्ड यूनिवर्सिटी में स्पीच देंगे। जानकारों के मुताबिक यह छत्तीसगढ़ के किसी हस्ती का इस शीर्ष यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों को संबोधित करने का पहला अवसर होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल वहाँ के विद्यार्थियों को नरुवा, गरुवा , घुरूवा बाड़ी से विकास की अवधारणा पर विस्तार से जानकारी देंगे। इस संबंध में विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री बघेल के 10 दिवसीय अमेरिका यात्रा का प्रस्ताव लगभग तय हो गया है। अमेरिका यात्रा के दौरान वे सैनफ्रांसिस्को और न्यूयार्क जैसे शहरों में भी जायेंगे। जहां के शीर्ष उद्यमियों से मिलकर उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिये आमंत्रित भी करेंगे। लेकिन वहाँ मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम हावर्ड यूनिवर्सिटी का संबोधन करना रहेगा। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के नरुवा, गरुवा, घुरुवा और बाड़ी से विकास की अवधारणा की गूंज अब विदेशों तक भी सुनाई देने लगी है। हावर्ड यूनिवर्सिटी में होने वाले कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री बघेल एग्रीकल्चर विषय पर अपनी बात रखेंगे। इस दौरान वे पारंपरिक खेती के साथ साथ नरवा , गरूवा , घुरवा , बारी के विकास पर भी दुनियाँ का ध्यान आकर्षित करेंगे। इस रोजगार से पर्यावरण और प्रकृति को भी कोई नुकसान नहीं है। अमेरिका दौरे में मुख्यमंत्री बघेल के साथ अपर प्रमुख सचिव गृह सुब्रत साहू , प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी , मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

Categorized in : दुनिया देश