अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट भिलाई — मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज प्रखर पत्रकार और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय चंदूलाल चंद्राकर की पुण्यतिथि पर भिलाई 03 के बाजार चौक में स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने घोषणा करते हुये कहा कि नया रायपुर में छत्तीसगढ़ के महापुरूषों की प्रतिमा लगायी जायेगी। और सभी महापुरूषों की जीवनी स्कूल और कॉलेज के पाठयक्रम में शामिल किया जायेगा। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के माटी पुत्र चंद्राकर ने अपने प्रखर व्यक्तित्व और निर्भीक पत्रकारिता से देश में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री सहित कई अन्य महत्वपूर्ण पदों का दायित्व संभालते हुये देश और प्रदेश की सेवा की। इसके साथ ही च्रंद्राकर ने छत्तीसगढ़ राज्य आंदोलन को नई दिशा प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्राकर की मूल्य आधारित निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता, मातृभूमि के लिए सेवा भावना, उनके अमूल्य विचार नई पीढ़ी को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
Categorized in : छत्तीसगढ़