अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट नई दिल्ली — दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिये चुनाव प्रचार हेतु सभी राजनीतिक दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के लिये भारतीय जनता पार्टी अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन फरवरी को दोपहर 02:00 बजे शाहदरा जिले के कड़कड़डूमा में सीबीडी ग्राउंड में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में रैली करेंगे। इस मौके पर शाहदरा के भाजपा उम्मीदवार समेत कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी 04 फरवरी मंगलवार को भी भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में द्वारका के डीडीए ग्राउंड में दोपहर 02:30 बजे पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी की कल पहली चुनावी रैली है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। दिल्ली में 08 फरवरी को मतदान और 11 फरवरी को मतगणना होगी। इस चुनाव में एक ओर जहाँ आम आदमी पार्टी के सामने अपनी सत्ता बचाने की चुनौती है वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी सत्ता में काबिज होने के लिये एड़ी चोटी एक करने में लगी हैं। गौरतलब है कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव उस समय हो रहा है जब शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। दिल्ली की चुनावी जंग में भी शाहीन बाग चर्चा भी महत्वपूर्ण चर्चा का विषय बना हुआ है। भारतीय जनता पार्टी शाहीन बाग में चल रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर आम आदमी पार्टी पर लगातार निशाना साध रही है।

Categorized in : देश