अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट नई दिल्ली — जेपी नड्डा आज बीजेपी के तीन साल के लिये नये राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिये गये हैं। निर्वाचन अधिकारी राधामोहन सिंह ने इसकी घोषणा की। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा को निर्विरोध भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष चुन लिया गया है। राष्ट्रीय कार्यालय में संपन्न हुई चुनावी प्रक्रिया के दौरान अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री के साथ साथ पूर्व मुख्यमंत्री डाक्टर रमन सिंह समेत प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय जैसे छत्तीसगढ़ के तमाम आला नेता दिल्ली पहुंँचे हुये हैं। नये अध्यक्ष के चुनाव के साथ ही पार्टी के मौजूदा अध्यक्ष और देश के गृहमंत्री अमित शाह का साढ़े पांच साल से ज्यादा का कार्यकाल भी समाप्त हो जायेगा। गौरतलब है कि अमित शाह के अध्यक्ष के तौर पर बीजेपी ने कई राज्यों और लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की है। जेपी नड्डा पहली बार 1993 में बिलासपुर से विधायक चुने गये। इसके बाद 1998 से 2003 और 2007 से 2012 तक बिलासपुर सदर से नड्डा विधायक चुने गये। इस बीच 1998 से 2003 तक वह हिमाचल के स्वास्थ्य मंत्री भी रहे। साथ ही 2008 से 2010 तक की हिमाचल में धूमल सरकार में जेपी नड्डा को वन और पर्यावरण, विज्ञान और तकनीकी का मंत्री बनाया गया। साल 2012 में नड्डा हिमाचल से राज्यसभा के लिये चुने गये थे। साल 2014 में मोदी सरकार आने के बाद जेपी नड्डा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बने।

Categorized in : All News देश