लखनऊ — स्वामी विवेकानंद की जयंती पर पांँच दिवसीय 23वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2020 का आज शुभारंभ केन्द्रीय युवा कल्याण मंत्री किरण रिजिजू एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। केंद्रीय खेल मंत्रालय तथा उत्तरप्रदेश सरकार के संयुक्‍त तत्‍वावधान में सम्‍पन्‍न होने वाले इस अयोजन में देश के 28 राज्‍य और 09 केंद्र शासित प्रदेशों के युवाओं की टीम के 7000 प्रतिभागी शामिल होंगे। इस राष्ट्रीय युवा महोत्सव का समापन 16 जनवरी को महामहिम राज्‍यपाल आनंदीबेन पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा। युवा महोत्सव के अधिकांश कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होंगे जहां कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।महोत्सव को सफल बनाने के लिये प्रशासन की पूरी तैयारी हो चुकी है।युवा प्रतिभागियों को यहां भाषा या फिर किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिये दुभाषिये की मदद ली जा रही है। बस और रेलवे स्टेशन के अलावा आवास और कार्यक्रम स्थलों पर दुभाषिये रहेंगे। चार स्थानों पर अतिथियों को ठहराया जा रहा है। इन चारों स्थानों पर पंडालों में खाने के खास इंतजाम होंगे। देश भर के अलग-अलग राज्य के युवाओं को खाने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हो इसके लिये मेन्यू उसी तरह तैयार होगा। दक्षिण भारतीय से लेकर उत्तर भारतीय खाने की धूम होगी। इसके लिये तमाम राज्यों के विशेष पकवान पंडालों में मिलेंगे।

प्रतिभाएं होंगी सम्मानित

हर जिले से दो यूथ आइकॉन इस महोत्सव में शामिल होंगे। महोत्सव में प्रथम पुरस्कार पाने वाले को एक लाख पचास हजार रुपए व द्वितीय पुरस्कार पाने वाले को एक लाख रुपये और तीसरा पुरस्कार पाने वाले को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि , स्मृति चिन्ह , प्रमाण पत्र दी जायेगी। जो युवा महोत्सव में प्रतियोगिता होगी उसके लिये केंद्र सरकार ने निर्णायक मंडल भी बनाया है। युवा महोत्सव में तमाम सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

Categorized in : देश