![] रायपुर — राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का शुभारंभ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर साइंस काॅलेज मैदान में आज सुबह 10:00 बजे होगा। शुभारंभ कार्यक्रम में लद्दाख सिक्किम, अरूणाचल प्रदेश, बेलारूस और छत्तीसगढ़ के कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी जायेगी। महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व लोकसभा सांसद राहुल गांधी मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी है। प्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा जारी प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार महोत्सव के प्रथम दिन आज विवाह एवं अन्य संस्कार, पारंपरिक त्यौहार एवं अनुष्ठान, फसल कटाई व कृषि तथा अन्य पारंपरिक विधाओं पर नृत्य प्रतियोगितायें होंगी। आसाम के कलाकारों द्वारा बागरूंगा नृत्य प्रस्तुत की जायेगी। तेलंगाना के कलाकारों द्वारा कोया नृत्य, झारखण्ड के कलाकारों द्वारा छाऊ नृत्य, ओड़िसा के कलाकारों द्वारा सिंगारी नृत्य और गुजरात के कलाकारों द्वारा सिद्दी नृत्य प्रस्तुत की जायेगी। दोपहर 03:00 बजे से राजस्थान के कलाकरों द्वारा सहरिया स्वांग, जम्मू का गुजर नृत्य, हिमाचल प्रदेश का घुरई नृत्य, लद्दाख का लद्दाखी नृत्य, उत्तराखण्ड का झांझी नृत्य, केरल का तैयम नृत्य, महाराष्ट्र का तड़पा नृत्य, तेलंगाना का गुसाड़ी नृत्य, मध्यप्रदेश का भगोरिया नृत्य, अरूणाचल प्रदेश का रेह नृत्य, आंध्रप्रदेश का लम्बाड़ी नृत्य और उत्तरप्रदेश का गरद नृत्य का आयोजन होगा। रात्रि आठ से नौ बजे तक थाईलैण्ड, बांग्लादेश, बेलारूस, मालदीव एवं युगांडा देशों से आमंत्रित कलाकारों द्वारा गैर प्रतियोगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियांँ दी जायेंगी।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

Categorized in : छत्तीसगढ़