![] राँची — झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवे और अंतिम चरण की 16 विधानसभा सीटों के लिये आज सुबह 07:00 बजे से मतदान जारी है। इस चरण में 237 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है। इस चरण में 40,05,287 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उनमें सात सीटें अनुसूचित जनजाति के लिये सुरक्षित है। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनावों में इनमें से छह झामुमो ने और पांच भाजपा ने जीती थीं। इन सभी सीटों के लिये कुल 5,389 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जिनमें शहरी क्षेत्र में 269 और ग्रामीण क्षेत्र में 5,120 मतदान केंद्र अवस्थित हैं। इस चरण में 20,49,921 पुरुष, 19,55,336 महिला, 30 तृतीय लिंग के मतदाता है। 93,779 नये मतदाता (18-19 साल के) हैं। इसके अलावा 80 साल से ज्यादा आयु के 41,505 और 49,446 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।
मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और दोपहर तीन बजे तक नक्सलवाद प्रभावित बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर और शिकारीपाड़ा में मतदान होगा जबकि अन्य 11 सीटों पर शाम पांच बजे तक मतदान होगा। कुल 28 मतदान केन्द्रों के कर्मियों को हेलीकाप्टरों से उनके तैनाती के क्षेत्रों तक पहुंँचाया गया है। पांचवे चरण में जिन 16 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होना है वह छह जिलों में स्थित हैं। इनमें साहेबगंज जिले में राजमहल, बोरियो और बरहेट, पाकुड़ जिले में लिट्टीपाड़ा, पाकुड़ तथा महेशपुर, जामताड़ा जिले में नाला और जामताड़ा, दुमका जिले में शिकारीपाड़ा, दुमका, जामा और जरमुंडी, देवघर जिले में सारठ और गोड्डा जिले में पोडैयाहाट, गोड्डा और महगामा विधानसभा सीटें शामिल हैं।पांचवे चरण के चुनाव में 237 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं जिनमें 208 पुरुष और 29 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। जरमुंडी सीट से सबसे ज्यादा 26 और पोड़ैयाहाट सीट के लिए सबसे कम सात प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इस चरण के चुनाव को लेकर 1,347 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। वहीं 249 आदर्श मतदान केंद्र और 133 महिला संचालित मतदान केंद्र बनाये गये हैं। और 1717 मतदान केन्द्रों केा अति संवेदनशील और 1,973 संवेदनशील घोषित किया गया है। इन मतदान केन्द्रों पर सशस्त्र जवानों की तैनाती की गई है। इस चरण में पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, राज्य के कई मंत्रियों और झारखंड विकास मोर्चा के प्रदीप यादव की किस्मत दांव पर है। सोरेन बरहेट और दुमका दोनों सीटों से चुनाव मैदान में हैं।
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
Categorized in : देश