![] रायपुर — मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास पर आयोजित जन-चौपाल भेट मुलाकात में रायगढ़ जिले की खरसिया तहसील के ग्राम हालाहुली के सरस्वती महिला स्व सहायता समूह को स्वेच्छानुदान मद से एक लाख रूपये की राशि मंजूर की है। इन महिलाओं ने स्वरोजगार के लिए बैंक से तीन लाख रूपये का ऋण लिया था। महिलाओं ने 1.80 लाख रूपये की राशि जमा करा दी है, लेकिन व्यवसाय में कुछ कठिनाई के कारण ऋण की किश्त जमा नही कर पा रहीं हैं। मुख्यमंत्री ने समूह की महिलायें अपने व्यवसाय को आगे जारी रख सके इसके लिए उन्हें एक लाख रूपये की आर्थिक सहायता मंजूर की। इसी तरह मुख्यमंत्री ने रायपुर जिले के ग्राम अकोली (मांढर) की कुमारी रमेशरीन धीवर को उनकी दुकान में सामग्री क्रय के लिये 25 हजार रूपये और आरंग के ग्राम केसला के भागवत निषाद को आर्थिक सहायता के रूप में 25 हजार रूपये की सहायता स्वीकृत की है। बघेल ने बलौदा बाजार जिले के भाटापारा के परशुराम वार्ड निवासी श्रीमती शारदा मिश्रा को उनकी बेटी विभूति मिश्रा की पढ़ाई के लिये 50 हजार रूपये की राशि मंजूर की है। श्रीमती शारदा मिश्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी बेटी बेंगलुरु के रमैया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में कंप्यूटर साइंस की प्रथम वर्ष की छात्रा है उसकी फीस और हॉस्टल का खर्च लगभग 40 हजार रूपये है। मुख्यमंत्री ने उन्हें 50 हजार रूपये की राशि मंजूर की। मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले के पाटन के ग्राम तेलीगुण्डरा निवासी श्रीमती लक्ष्मी बाई साहू को फैंसी स्टोर के लिए 20 हजार रूपये , धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड के ग्राम कोडेबोड़ निवासी श्रीमती नंदनी साहू को आर्थिक सहायता के रूप में दस हजार रूपये , रायपुर संतोषी नगर की नाना बाई को पाँच हजार रूपये , रायपुर के उरला निवासी श्री विशाल साहू को 20 हजार रूपये , दुर्ग जिले के अहिवारा के ग्राम मुरमुर्दा निवासी श्री लक्ष्मी देवांगन को पाँच हजार रूपये की सहायता राशि मंजूर की।
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
Categorized in : छत्तीसगढ़