नई दिल्ली — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिये कल 13 नवंबर को दो दिवसीय ब्राजील के ब्रासीलिया दौरे पर जायेंगे। इस शिखर सम्मेलन का विषय “इकोनॉमिक ग्रोथ फॉर एन इन्नोवेटिव फ्यूचर” (नवोन्मेषी भविष्य के लिये आर्थिक विकास) है। ब्रिक्स पांँच देशों का संगठन है जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार मोदी दिन में द्विपक्षीय बैठक करेंगे और शाम को चार अन्य देशों के नेताओं के साथ ब्रिक्स व्यापार मंच के समापन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री स्वागत समारोह और फोटो सत्र में शामिल होंगे और राष्ट्रपति बोलसोनारो की ओर से नेताओं के सम्मान में आयोजित रात्रि भोज में भी हिस्सा लेंगे। यात्रा के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेस्ट्रीक्टेड सत्र में हिस्सा लेंगे। इस सत्र के बाद ब्रिक्स के पूर्ण सत्र का आयोजन होगा जिसमें ब्रिक्स समाज के आर्थिक विकास पर अंतर ब्रिक्स सहयोग पर चर्चा होगी। यह छठवीं बार होगा जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

Categorized in : दुनिया देश