![] राजनांदगांव — शिवनाथ नदी के किनारे मोहारा में तीन दिवसीय शिवनाथ महोत्सव और कार्तिक पुन्नी मेला महोत्सव का शुभारंभ आज कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य ने किया। जिला प्रशासन और नगर निगम राजनांदगांव द्वारा आयोजित इस महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में धमतरी जिले की नन्ही गायिका आरू साहू ने राज्यगीत ‘‘अरपा पैरी के धार’’ गाकर सांस्कृतिक संध्या की शुरूआत की। भिलाई की बालिका अन्वेषा भाटिया ने शिव तांडव नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। महेश्वर दास साहू के लोकमंच के कलाकारों ने आकर्षक कार्यक्रम किये। मनमोहक आदिवासी नृत्यों का प्रस्तुतिकरण भी हुआ। कार्यक्रम में नगर निगम राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव, अध्यक्ष शिव वर्मा, पुलिस अधीक्षक बी०आर० ध्रुव , वनमंडलाधिकारी राजनांदगांव बीपी सिंह, अपर कलेक्टर ओंकार यदु, नगर निगम आयुक्त चन्द्रकांत कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कला प्रेमी नागरिक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट