सूरजपुर — हमने केंद्र सरकार से चाँवल खरीदी का आग्रह किया है और किसानों से हर परिस्थिति में 2500 रूपये में ही धान खरीदेंगे। कमजोर और कुपोषित बच्चों से छत्तीसगढ़ मजबूत नहीं बन सकता इसलिये सुपोषण अभियान शुरू किया गया है। जिसमें महिलाओं और बच्चों को पोषण आहार दिया जा रहा है। मुझे खुशी है कि सूरजपुर पहला जिला बना है जहांँ वरिष्ठ नागरिकों को घर पर ही पेंशन पहुंँचायी जा रही है।
उक्त बातें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत सिलफिली में आयोजित सुपोषण संगोष्ठी एवं किसान सभा को सम्बोधित करते हुये कहा। और आज लटोरी को तहसील बनाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री बघेल ने जिले को 149 करोड़ 04 लाख 24 हजार से अधिक की राशि के कुल 532 विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर सौगात दी। इनमें 55 करोड़ 73 लाख 91 हजार रूपये के 121 कार्यों का लोकार्पण एवं 93 करोड 30 लाख 33 हजार रूपये से अधिक के 411 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
कलेक्टर दीपक सोनी ने कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री तथा सभी विशिष्ट अतिथियों का अभिवादन किया। कलेक्टर ने जिले में शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के सफल संचालन की संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होने जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के लिये चलाये जा रहे तेजस्वी सूरजपुर, सक्षम सूरजपुर, स्वस्थ सूरजपुर, सुराजी सूरजपुर एवं स्वच्छ सूरजपुर कार्यक्रम की जानकारी दी।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डाॅ0 प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अमरजीत भगत, सरगुजा विकास प्राधिकरण अध्यक्ष एवं प्रेमनगर विधायक खेलसाय सिंह, भटगांव विधायक पारसनाथ राजवाडे़, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जगते, संभागायुक्त ईमिल लकड़ा, पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा, जिला पंचायत सीईओ अश्वनी देवांगन उपस्थित थे।
Categorized in : छत्तीसगढ़