![] रायपुर — छत्तीसगढ़ की जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिये मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी का चौंथा प्रसारण कल 10 नवम्बर रविवार को प्रात: 10:30 बजे से 10:55 बजे तक “नगरीय विकास का नया दौर” विषय पर आकाशवाणी के सभी केन्द्रों, एफ एम रेडियो और क्षेत्रीय समाचार चैनलों में एक साथ किया जायेगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश भर में मुख्यमंत्री की मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी को सुनने के लिये सभी जरूरी व्यवस्थायें की जा रही हैं। लोकवाणी को सुनने के लिये जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी को जिले के आश्रम, छात्रावासों, पंचायतों, नगरीय निकायों एवं अन्य संस्थानों में भी सुना जायेगा। इस हेतु सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिये गये हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने समाज के हर वर्ग की भावनाओं, सवालों और सुझावों से अवगत होने तथा अपने विचार साझा करने के लिये लोकवाणी रेडियोवार्ता प्रारंभ की है। लोगों से इस विषय में 28 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक अपने सवाल रिकॉर्ड कराने की अपील की गयी थी।
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
Categorized in : छत्तीसगढ़