![] रायपुर — मुख्य सचिव आर०पी० मण्डल ने आज मंत्रालय महानदी भवन में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई, कोरबा के नगर निगम आयुक्तों और जोन कमिश्नरों की बैठक ली। श्री मण्डल ने स्पष्ट रूप से कहा है कि शहरों की साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और सौन्दर्यीकरण की प्रक्रिया को एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थित रूप दिया जाये और नियमित रूप से इसकी मॉनिटरिंग की जाये। आठवें दिन से मुख्य सचिव स्वयं किसी नगरीय इलाके का भ्रमण करेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाये जाने पर संबंधित जोन कमिश्नर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी। श्री मण्डल ने स्मार्ट सिटी के रूप में चिन्हित शहरों की सफाई व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल आपूर्ति, चौक-चौराहों के सौन्दर्यीकरण के कार्य पर विशेष रूप से ध्यान देने के निर्देश दिये हैं। आर०पी० मण्डल ने राज्य के सभी नगरीय निकायों के प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे सवेरे 06:00 बजे से अपने-अपने शहरों के वार्डो का भ्रमण शुरू करें और स्वयं सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करें जिससे शहरों में गंदगी न फैले और जन सामान्य को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में विशेष सचिव नगरीय प्रशासन अलरमेलमंगई डी. सहित रायपुर, दुर्ग, भिलाई, कोरबा, बिलासपुर, नगर निगम के आयुक्त, जोन कमिश्नर और नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

Categorized in : All News छत्तीसगढ़