![] बलरामपुर — किसानों की धान 2500 रूपये में खरीदना कोई अपराध नही है।छत्तीसगढ़ सरकार अपने किसानों का धान 2500 रुपये प्रति क्विंटल के दर से खरीदेगी। इसके लिये हमनें छत्तीसगढ़ के लोगों एवं किसानों से सहयोग एवं समर्थन का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने चांदो को तहसील बनाने के साथ ही अन्य मांगो को बजट में शामिल करने की भी बात कही।
मुख्यमंत्री बघेल आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सामरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम श्रीकोट में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सामरी विधानसभा क्षेत्र को 59 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्याें का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभांवित हितग्राहियों को सामग्री एवं अनुदान राशि का वितरण किया।
इस अवसर पर संत गहिरा गुरु जी को श्रद्धांजलि देकर उनका पुण्य स्मरण करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने इस क्षेत्र में समाज को जागरूक किया और जीवन जीने की शिक्षा दी। उन्होंने सरकार की ऋण माफी , बिजली बिल हाफ , प्रत्येक परिवार को 35 किलो चाँवल देने के वायदों का भी उल्लेख करते हुये कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के विकास के लिये ही कार्य कर रही है। कार्यक्रम को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टी.एस.सिंह देव, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, उच्च शिक्षा मंत्री एवं बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रभारी मंत्री उमेश पटेल ने भी संबोधित किया।
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
Categorized in : छत्तीसगढ़