![] कोलकाता — कोलकाता के विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर और साइंस सिटी में कल से आयोजित चार दिवसीय भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में देश-विदेश के करीब 12 हजार प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करेंगे। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय और दूसरे विभागों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाने वाला यह वार्षिक महोत्सव आठ नवंबर तक चलेगा। महोत्सव के दौरान कुछ कार्यक्रम कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, बोस इंस्टीट्यूट और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल बायलॉजी में भी आयोजित किये जायेंगे।आईआईएसएफ-2019 के दौरान 28 से अधिक विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित होंगे।विज्ञान महोत्सव का एक मुख्य आकर्षण छात्र विज्ञान गांव (स्टूडेंट साइंस विलेज) है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों के करीब 2500 स्कूली बच्चों को आमंत्रित किया गया है। इन छात्रों को संसद सदस्यों ने अपने संसदीय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत चुने गये गांवों से नामांकित किया है। छात्र विज्ञान गांव में शामिल होने के लिये प्रत्येक संसद सदस्यों को पांच छात्रों और एक शिक्षक को नामांकित किया गया है। विज्ञान महोत्सव का दूसरा सबसे बड़ा कार्यक्रम युवा वैज्ञानिक सम्मेलन है जिसमें सर्वाधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में करीब 1500 युवा वैज्ञानिक और शोधकर्ता शामिल हो सकते हैं जो अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिकों और प्रौद्योगिकीविदों से सीधा संवाद कर सकेंगे। इसके अलावा, उन्हें अपने पोस्टर और शोध आलेख प्रस्तुत करने का मौका भी मिलेगा।
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट