नई दिल्ली — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिन के भूटान दौरे पर रवाना हो चुके हैं। दूसरी बार केंद्र में सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला भूटान दौरा है। अपने इस दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी वहाँ विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही कई प्रोजेक्ट्स का तोहफा भी देंगे। इस दौरान वह भूटान के शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय विकास साझेदारी को मजबूत बनाने और पनबिजली क्षेत्र में सहयोग समेत कई मसलों पर बातचीत करेंगे। मोदी आज ही भूटान पहुँचकर भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह अपने भूटानी समकक्ष लोटे शेरिंग के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। इस यात्रा की विशेषता मांगदेछू पनबिजली परियोजना का उद्घाटन होगी। यात्रा के दौरान मोदी भूटान की रॉयल यूनिवर्सिटी को भी संबोधित करेंगे।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

Categorized in : All News देश