![] रायपुर — छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी पर सभी संभायुक्तों और कलेक्टरों को सर्तकता बरतने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल भराव वाले इलाकों पर विशेष नजर रखी जाये। बाढ़ या जल भराव की स्थिति बनने पर राहत और बचाव के लिये तत्काल कदम उठाये जायें। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा है कि निचली बस्तियों में और जलमग्न होने वाले इलाकों में आपदा प्रबंधन दस्ते मुस्तैद रखे जाये। इन इलाकों के निवासियों के लिये पहले वैकल्पिक स्थानों का चिन्हांकन कर लिया जाये। आवश्यकता पड़ने पर इन इलाकों के निवासियों के ठहरने, भोजन, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक इंतजाम भी किये जायें । निचले इलाकों में पानी का भराव होने पर पानी की निकासी, जल शुद्धिकरण आदि आवश्यक कदम उठाये जायें। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि बारिश से जान-माल की क्षति होने पर राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत प्रकरण तैयार कर त्वरित रूप से सहायता राशि उपलब्ध करायी जाये।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

Categorized in : छत्तीसगढ़