ज्योतिरादित्य सिंधिया,खड़गे और राहुल गांधी जैसे दिग्गज हारे कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार दिग्विजय सिंह, शीला दीक्षित, हरीश रावत, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अशोक चव्हाण, सुशील कुमार शिंदे, मुकुल संगमा, नबाम तुकी और वीरप्पा मोइली की भी हार हुई है. ये सभी नेता पूर्व में मुख्यमंत्री रह चुके हैं लेकिन इस चुनाव में इनका सियासी दमखम फीका साबित हुआ है. कांग्रेसी मुख्यमंत्रियों के अलावा 3 अन्य दलों के मुख्यमंत्री भी इस चुनाव में हार गए हैं. इनमें जेडीएस के एचडी देवगौड़ा, झामुमो के शिबू सोरेन, झारखंड विकास मोर्चा के बाबूलाल मरांडी शामिल हैं.
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की कमान संभाल रहे राज बब्बर को भी शिकस्त का सामना करना पड़ा है. यूपी में 2 सीटें से घटकर एक पर पहुंची कांग्रेस के लिए राज बब्बर भी कुछ कर पाने में नाकाम साबित हुए हैं. फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे बब्बर को राजकुमार चहर ने 495065 वोटों के भारी अंतर से मात दी है. यही नहीं हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर को भी सिरसा लोकसभा सीट पर करारी शिकस्त मिली है.
इसके अलावा मुंबई कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा को मुंबई दक्षिण सीट से शिवसेना के अरविंद सावंत ने हरा दिया. गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी को भी आणंद सीट से हार का मुंह देखना पड़ा है. पंजाब के गुरदासपुर से सांसद और प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को भी मोदी लहर के चलते कुछ रोज पहले ही सियासत में आए अभिनेता सनी देओल से शिकस्त झेलनी पड़ी है.
Categorized in : चुनाव 2019 देश